सोशल मीडिया पर वेब दुनिया के अलावा सुबह-सवेरे में भी अब मेरा कॉलम पढ़ सकते है...यह कॉलम हर शनिवार को प्रकाशित होगा और इसमें वेबदुनिया वाले कॉलम से अलग जानकारी रहेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोशल मीडिया के बहुत बड़े महारथी हैं। ट्विटर पर उनके एक करोड़ 77 लाख से भी ज्यादा फॉलोअर्स है। इतने फॉलोअर्स शाहरूख खान के भी नहीं है। अमिताभ बच्चन के बाद ट्विटर पर साम्राज्य करने वाले नरेन्द्र मोदी ही हैं। नरेन्द्र मोदी ट्विटर के अलावा सोशल मीडिया के दूसरे प्लेटफार्म पर भी शानदार हैसियत रखते हैं। यह सोशल मीडिया उन्हें आम लोगों से तो जोड़ता ही है, साथ में वे अपने विभाग के अधिकारियों, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अनेक मुख्यमंत्रियों, पार्टी पदाधिकारियों, राजदूतों, कलाकारों, लेखकों, उद्योगपतियों और दुनियाभर के मित्रों से सतत् संपर्क में रहते हैं।
पौने दो करोड़ से भी ज्यादा फॉलोअर्स होने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद भी दूसरों को फॉलो करने में संकोच नहीं करते हैं। करीब साढ़े दस हजार ट्वीट वे कर चुके हैं। एक हजार 229 लोग ऐसे है, जिन्हें प्रधानमंत्री खुद फॉलो करते हैं। आमतौर पर वे अपनी यात्रा के दौरान सोशल मीडिया के संपर्क में रहते हैं। अनेक न्यूज चैनल केवल उनके ट्वीट के आधार पर समाचार बनाते हैं। इस तरह सूचना का माध्यम होने के साथ ही साथ वे समाचारों का स्त्रोत भी ट्विटर अकाउंट को बना चुके हैं।
उनके विरोधी अपने बयानों में आरोप लगाते है कि प्रधानमंत्री ने इतने बड़े विषय पर कोई ट्वीट नहीं किया। इसका आशय यह है कि वे खुद प्रधानमंत्री के ट्वीट का इंतजार करते रहते हैं। अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री बहुत ही संयमित, शालीन और मधुरता से पेश आते हैं। उनके ट्विटर अकाउंट देखने पर उनके बड़प्पन का एहसास होता है। किसी की पीठ थपथपानी हो या बधाई देनी हो, वे अपने ट्विटर अकाउंट से यह कार्य करते हैं। अपने विरोधियों की, यहां तक कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भी उन्होंने जन्मदिन पर बधाई देने में कोताही नहीं बरती। राहुल गांधी ने भी ट्विटर के माध्यम से ही प्रधानमंत्री का आभार माना।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कई ट्विटर अकाउंट हैं। उनके निजी अकाउंट के अलावा विभागीय अकाउंट भी अनेक है। प्रधानमंत्री बनने के पहले ही उनके ट्विटर फॉलोअर्स की संख्या वसुंधरा राजे सिंधिया, राजनाथ सिंह, अरविंद केजरीवाल आदि से अधिक थी। अब तो उनकी संख्या और भी ज्यादा हो गई है। नरेन्द्र मोदी 1990 के दशक से लेपटॉप का इस्तेमाल करते रहे हैं। वे गजेट्स सेवी है और नए-नए गजेट्स उनके पास होते हैं और वे उनका इस्तेमाल करना भी जानते हैं।

नरेन्द्र मोदी जिन लोगों को ट्विटर पर फॉलो करते हैं, उनमें राष्ट्रपति महामहिम प्रणब मुखर्जी, सभी प्रमुख देशों के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री, विश्व के प्रमुख मीडिया हाउस, प्रमुख क्रिकेट खिलाड़ी, फिल्मी हस्तियां, लेखक, हिन्दू संगठन आदि शामिल हैं। बीबीसी ब्रेकिंग, टाइम्स ऑफ इंडिया, रेडिफ, एपी, इकॉनॉमिक टाइम्स, याहू न्यूज, न्यूज लांड्री, डीडी न्यूज, नवभारत टाइम्स, दैनिक जागरण आदि के अलावा वे खुद कई पत्रकारों को फॉलो करते हैं, जिनमें संजय पुगलिया, मधु त्रेहन, राहुल कमल, यशवंत देशमुख, मोटीवेशनल स्पीकर भक्ति शर्मा, लेखिका अवंतिका काला, एड गुरू सुहेल सेठ, बैंकर चंदा कोचर, कपिल देव, युसूफ पठान, रवीन्द्र जडेजा, उमेश यादव, हेमा मालिनी, विनोद खन्ना, सिमी ग्रेवाल, कैलाश सत्यार्थी, शाइना एनसी, अनुपम खैर, जूही चावला, रवीना टंडन, एआर रहमान, अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार आदि शामिल हैं।
आरएसएस, पांचजन्य, आर्गेनाइजर आदि से जुड़े लोगों के ट्विटर अकाउंट भी प्रधानमंत्री देखते रहते हैं। कैटरीना कैफ, सलमान खान, आमिर खान और शाहरूख खान आदि को वे फॉलो नहीं करते। अनेक अल्पसंख्यक नेताओं से भी वे सोशल मीडिया के जरिये जुड़े रहते हैं।
इसलिए अगर प्रधानमंत्री के भाषण में कोई दिलचस्प बात और त्वरित टिप्पणी सुनने को मिले, तो अचरज करने की जरूरत नहीं है। हमारे प्रधानमंत्री केवल सरकारी दूरदर्शन और अधिकारियों के भरोसे नहीं है। हाल ही में किसी ने आरटीआई लगाकर पूछा कि आखिर प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट कौन हेंडल करता है? जो जवाब मिला वह यह था- प्रधानमंत्री अपने सोशल मीडिया अकाउंट खुद ही संभालते हैं।