
फुटबॉलर क्रिस्टिआनो रोनाल्डो दुनिया के पहले एथलिट हो गए हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर लोकप्रियता का चरम छुआ हैं। ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उनके फॉलोअर्स की संख्या बढ़कर 200 मिलियंस यानि 20 करोड़ से भी अधिक हो गई है। सन् 2014 में ही फेसबुक पर उनके फॉलोअर्स की संख्या 100 मिलियंस यानि 10 करोड़ से अधिक थी। इस 20 करोड़ी ग्रुप में जस्टिन बीबर और टेलर स्विफ्ट पहले ही शामिल हैं। बॉलीवुड के 100 करोड़ी क्लब की तरह 20 करोड़ी ग्रुप का अपना खासा महत्व है।
रोनाल्डो के फेसबुक पर करीब 11 करोड़ फॉलोअर्स है। ट्विटर पर चार करोड़ से अधिक और इंस्टाग्राम पर करीब पांच करोड़ फॉलोअर्स है। रोनाल्डो के इन फॉलोअर्स की संख्या महान फुटबॉलर मेसी की तुलना में 64 प्रतिशत अधिक हैं। खास बात यह है कि मेसी ट्विटर पर नहीं हैं। अगर रोनाल्डो का ट्विटर अकाउंट निकाल दिया जाए, तब भी वे लोकप्रियता में मेसी से आगे ही हैं।

सोशल मीडिया पर एक और रेकार्ड बनाया हॉलीवुड के अभिनेता लियोनार्डो डिकेप्रियो ने। टाइटैनिक के इस हीरो को इस बार बेस्ट हीरो का ऑस्कर अवॉर्ड मिला हैं। इसके पहले वे लगातार पांच बार ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हुए हैं, लेकिन अवॉर्ड इस बार मिल पाया। जब एकेडमी अवॉर्ड समारोह में, जिसे ऑस्कर अवॉर्ड कहा जाता है डिकेप्रियो को बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड घोषित किया गया, तब पूरी दुनिया में ट्विटर पर यह संदेश सबसे ज्यादा तेजी से चला। ऑस्कर अवॉर्ड की घोषणा होते ही एक मिनिट में 4 लाख 40 हजार ट्वीट इस बारे में किए गए। ऑस्कर समारोह के प्रसारण के वक्त एक मिनिट में इतने ट्वीट का यह अपने आप में रेकार्ड है। इसके पहले का रेकार्ड दो लाख 55 हजार ट्वीट प्रति मिनिट का रहा है।

इस बार ऑस्कर अवॉर्ड समारोह में भारत की अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा भी मौजूद थी, जिनकी फिल्म जय गंगाजल कल 4 मार्च को ही रिलीज हुई है। प्रियंका चोपड़ा को ऑस्कर समारोह में रेड कार्पेट पर सफेद ड्रेस में देखा गया, जिसके प्रसारण के दौरान ही बड़ी संख्या में ट्वीट और फेसबुक संदेश दिए गए। इंस्टाग्राम पर प्रियंका चोपड़ा के रेड कार्पेट वाले फोटो लाखों की संख्या में लाइक्स किए गए। प्रियंका चोपड़ा इंस्टाग्राम पर भारत की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्री साबित हुई है, यहां उनके 50 लाख से भी अधिक फॉलोअर्स है। यह संख्या बॉलीवुड के किसी भी कलाकार के लिए ईर्ष्या का विषय हो सकती है।
प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर अपना ताजा फोटो शेयर करते हुए अपने 50 लाख फॉलोअर्स को धन्यवाद और बधाई दी और लिखा- ‘अवर
फैमिली इज ग्रोइंग’ यानि हमारा परिवार बढ़ रहा है और अब इसकी संख्या 50 लाख से भी अधिक हो गई है। यह बेहद उत्साहित करने वाली बात है। प्रियंका चोपड़ा को पिपुल्स च्वाइस अवॉर्ड भी दिया गया, जिस पर उन्होंने अपने प्रशंसकों को लिए धन्यवाद दिया और लिखा कि हे प्रभु तेरा आभार कि मैं अपने एक्टिंग करियर से प्यार करती हूं।
सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के क्रम में करोड़ों फॉलोअर्स वाले अमिताभ बच्चन और नरेन्द्र मोदी सबसे आगे हैं। अनेक फिल्मी कलाकारों और नेताओं के फॉलोअर्स की संख्या लाखों में है, लेकिन करोड़ों की संख्या तक पहुंचने वाले कम ही है। नेताओं, अभिनेताओं की लोकप्रियता का आंकलन उनके फॉलोअर्स की संख्या से किया जाता हैं।
