
गूगल पर सर्च किए जाने वाले शब्दों और सवालों पर बहुत रिसर्च होती रहती हैं। लोग किन शब्दों के बारे में जानना चाहते हैं यह गूगल के लिए भी एक बड़े कारोबार का हिस्सा है। इस तरह की रिसर्च के आधार पर ही गूगल अपने प्रोडक्ट्स में बदलाव करता रहता है। इससे उसकी साख भी बढ़ती है और कारोबार भी। भारत गूगल का एक प्रमुख टारगेट है, इसलिए वह भारतीय लोगों की पसंद का ध्यान रखता है। हाल ही में उसकी एक रिपोर्ट आई, जिसमें गूगल पर खोजे जाने वाले देसी शब्दों के बारे में जानकारी दी गई।
भारतीय लोग गूगल पर ऐसी-ऐसी बातें सर्च करते हैं, जिनके बारे में जानकर आश्चर्य होता है। गूगल पर भारतीयों की खोज उपयोगी वेबसाइट्स की होती है, हीरो-हीरोइन और नेताओं की भी होती है। इसके अलावा अनेक निजी दिलचस्पी की जानकारी भी लोग गूगल से जानना चाहते हैं। डॉक्टरों के अलावा मरीज भी बड़ी संख्या में गूगल पर दवाइयां खोजते नजर आते हैं। विद्यार्थी वर्ग अपनी परीक्षाओं के सवाल-जवाब और खेल प्रेमी खिलाड़ियों के बारे में जानकारी चाहते हैं।
गूगल पर भारतीय क्या सोचते हैं यह उनकी प्राथमिकता को दर्शाता है। उपयोगी वेबसाइट्स में लोग ऑनलाइन शॉपिंग और रेलवे बुकिंग के अलावा बैंकों के बारे में जानकारी चाहते हैं। क्रिकेट से ज्यादा यहां फ्लिपकार्ड खोजा जाता है। बजरंगी भाईजान से ज्यादा बाहुबली और नरेन्द्र मोदी से ज्यादा सनी लियोन। मार्केटिंग के गुरू गूगल पर खोजे जाने वाले शब्दों के आधार पर भी रणनीति बनाते हैं। ऐसे लोग भी हैं, जिन्हें गूगल पर सनी लियोन का जीवन परिचय और फोटो तथा वीडियो से संतुष्टि नहीं है। ये लोग सनी लियोन का पता और फोन नंबर भी जानना चाहते हैं।
गूगल पर देसी खोज करने वाले अजीबो-गरीब हैं। कोई यह जानना चाहता है कि आईस्क्रीम को मराठी में क्या कहती है और कोई यह जानना चाहता है कि मुंबई और दिल्ली में कौन-से होटल है, जो अविवाहित युगलों को घंटे के आधार पर कमरे किराये पर दे सकते है। बोर हो चुके लोग गूगल के हिन्दी सर्च में जाकर ‘क्या करूं?’ शब्द भी टाइप कर डालते है और उससे मिलने वाले उत्तर पर ठहाके लगाते हैं। ऐसे लोगों की संख्या भी कम नहीं है, जो गूगल के माध्यम से धन कमाने के तरीके खोजते रहते है। बहुत से लोग ऐसे भी है, जो यह जानना चाहते है कि वे ऑनलाइन मनी मैकिंग कैसे कर सकते हैं?
लाखों लोग हैं, जो दुबले होना चाहते हैं और ऐसे भी बहुत हैं, जो मोटे होना चाहते हैं। जब ये लोग अपने खुद के बूते पर दुबले या मोटे नहीं हो पाते, तो वे गूगल की शरण में जाते हैं। उन्हें लगता है कि गूगल महाराज उन्हें दुबला या मोटा होने का सही मंत्र बता देगा और वे रातों-रात मनचाही काया के मालिक हो जाएंगे। गूूगल पर मेट्रीमोनियल्स वेबसाइट खोजने वाले भी बहुत हैं। ऐसी वेबसाइट भी सैकड़ों है और वे पैसे लेकर जोड़ी मिलाने का काम भी करते हैं। पर भारतीय बुद्धि ठहरी जुगाड़ प्रवृत्ति की, इसलिए ऐसे शब्द भी खोजे जा रहे है, जिनके माध्यम से मनपसंद जीवन साथी की तलाश पूरी हो सके।
किसी ने तो गोरे रंग की ही खोज कर डाली। उसे जो जवाब मिले होंगे उसकी कल्पना करके हंसी नहीं रूकती। गूगल के माध्यम से लोग गोवा जाने का रास्ता भी खोजते हैं और सलमान खान का मोबाइल नंबर भी। हीरो-हीरोइन के पते और फोन नंबर खोजने वाले तो लाखों होंगे। उनमें से कुछ को अपने मनपसंद रिजल्ट मिल भी जाते हैं। बहुत से लोग ऐसे हैं, जो यह नहीं जानते कि गूूगल सर्च के बेहतर नतीजे किस तरह प्राप्त किए जाएं। 80 प्रतिशत डिस्काउंट चाहने वाले भी बहुत है और मुफ्त का सिनेमा का टिकट चाहने वाले भी।

गूगल पर गंभीर खोज करने वालों में शोधकर्ता, पत्रकार, अर्थशास्त्री, मार्केटिंग गुरू आदि तो है ही। ऐसे आम लोग भी है, जो यह जानना चाहते है कि वे अपनी पर्सनेलिटी को डैशिंग कैसे बनाएं? ऐसे भी हैं, जो जानना चाहते है कि टाई कैसे बांधे और स्कॉर्फ को किस स्टाइल में बांधा जाएं? महिलाएं अलग-अलग तरीके से साड़ी पहनना चाहती हैं। महिलाओं के मेकअप और ड्रेसिंग को लेकर लाखों सवालों का जवाब गूगल देता रहता हैं।
गूगल सर्च में कई लोग यह जानना चाहते हैं कि भक्तगण किसे कहा जाता है? चड्डी का भावार्थ जानने वाले भी हजारों हैं। ऐसे लोग भी है, जो जानना चाहते है कि आखिर पप्पू कौन हैं? किस व्यक्ति को यू-टर्न का पर्याय समझा जाता है? भ्रष्टाचार का इतिहास जानने वालों की संख्या भी हजारों में है। खेल, फिल्म, धर्म, कारोबार, सेक्स, स्वास्थ्य आदि विषयों पर तो लोग जानकारी चाहते ही हैं, इससे बढ़कर कई लोग तो अपनी मनपसंद हीरोइन की कमर का नाप भी गूगल पर खोजते हैं।
07 May 2016
सोशल मीडिया पर दैनिक सुबह सवेरे में प्रकाशित मेरे अन्य कॉलम
http://www.prakashhindustani.com/index.php/mera-hashtag
....................................................
सोशल मीडिया पर webdunia में प्रकाशित मेरे अन्य कॉलम
http://www.prakashhindustani.com/index.php/my-hashtag