
बरसों पुरानी बात है। उज्जैन के पास महिदपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा था। वहां के एसडीएम पुलिस बल और पूरे लाव-लश्कर के साथ अभियान में जुटे थे। सब कुछ शांतिपूर्वक चल रहा था कि बीच में एक लड़का आया और बोला ‘‘बढ़ ले बदरी’’। उसका यह बोलना था और एसडीएम का यह वाक्य सुनना! हड़कंप मच गया। एसडीएम ने वहां लाठीचार्ज करवा दिया और कई लोगों के हाथ-पैर तोड़ने के साथ ही सिर भी फोड़ दिए। किसी को कुछ भी समझ में नहीं आया कि आखिर माजरा क्या है। बदरी से एसडीएम इतना क्यों चिढ़ा? संयोग से किसी सिरफिरे ने इस बात पर पत्र संपादक के नाम लिख दिया। वह पत्र छपा, तब पूरे मालवा क्षेत्र में मुहावरा चल निकला - बढ़ ले बदरी। इस बात का किसी से भले ही कुछ भी लेना-देना हो या न हो, इस वाक्य को सुनते ही कई लोग ऐसे विफर जाते है, मानो बैल को लाल कपड़ा दिखा दिया हो।

कुछ ऐसा ही हाल इन दिनों सोनम गुप्ता को लेकर चल रहा है। सभी सोनम गुप्ताओं से क्षमा याचना सहित लिखना चाहता हूं कि इसका उद्देश्य किसी की मानहानि नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर चल रहे एक हास्य के वाक्य की चर्चा करना है। नोटबंदी के बाद जब नए नोट जारी हुए, तब तमाम तनाव के बीच एक वाक्य ने लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी। वैसे तो भारतीय नोट पर कुछ भी लिखना मौद्रिक नियमों का उल्लंघन है, लेकिन फिर भी नोटों के ऊपर लोग ‘राष्ट्र के नाम संदेश’ लिख ही देते हैं। नोट प्रचलन में आता है और वह संदेश यहां-वहां घूमता रहता है। बरसों पहले किसी दिलजले आशिक ने 10 रुपए के नोट पर रंगीन स्याही से लिख दिया था - सोनम गुप्ता बेवफा है और लंबे समय तक यह वाक्य चलन में रहा। 10 रुपए से बढ़कर यह वाक्य 20, 50, 100, 500 और 1000 रुपए के नोटों पर भी लिखा जाने लगा। 500 और 1000 रुपए के नोट बंद करके नए नोटों का चलन शुरू करने की घोषणा हुई और लोगों के पास 2000 रुपए का नया नोट पहुंचा, तब भी किसी दिलजले ने इस नोट का उपयोग राष्ट्र को संदेश देने में लगा दिया। देखते ही देखते सोनम गुप्ता बेवफा है वाक्य वायरल हो गया। लोग इस वाक्य को लेकर तरह-तरह के मजाक करने लगे और कई लोग तो अपनी पुरानी बेवफा प्रेमिकाओं के लिए सोनम गुप्ता शब्द का इस्तेमाल करने लगे। इस तरह सोनम गुप्ता बेवफाई का पर्यावरण बन गई।

नोट पर सोनम गुप्ता बेवफा लिखने वाला किस सोनम गुप्ता की बात कर रहा है, यह तो किसी को पता नहीं। क्या वास्तव में कोई सोनम गुप्ता बेवफा है भी या नहीं पता नहीं। हद तो तब हो गई जब किसी दिलजले ने ‘सोनम गुप्ता बेवफा है’ नाम का फेसबुक पेज भी बना डाला। इस पेज पर सोनम गुप्ता को लेकर कई लतीपेâ भी डाले गए। इसके जवाब में कोई एक सोनम गुप्ता सामने आई और उसने लिखा कि किस सोनम गुप्ता की बात कर रहे है और कोई दिलजला अपनी बात को लेकर करंसी क्यों बर्बाद कर रहा है। 500 और 1000 रुपए के नोट बंद होने पर मची अफरा-तफरी के माहौल में सोनम गुप्ता के चाहने वालों की भी कमी नहीं। बस यह हुआ कि सोनम गुप्ता के बहाने लोगों को बातचीत का कोई विषय मिला और नोटों के बारे में बात कर-करके ऊब चुके लोग को मुस्कुराने का मौका मिला।
ट्विटर पर भी सोनम गुप्ता छाई हुई है। कई लोगों ने ट्विटर पर कुछ दिनों के लिए अपना नाम सोनम गुप्ता रख लिया। ये लोग पुरूष भी है और महिला भी। सैकड़ों ट्वीट सोनम गुप्ता को लेकर हो चुके है। सबसे चर्चित ट्वीट रहा है - सोनम गुप्ता को राष्ट्रीय बेवफा घोषित किया जाए। इसके बाद इस तरह के ट्वीट भी देखने को आए कि सोनम गुप्ता बेवफा है, वो बेवफा थी और बेवफा रहेगी। किसी ने लिखा कि है तो है बेवफा सोनम गुप्ता। मजाक में किसी ने यह भी लिखा कि भारत सरकार 2000 रुपए का एक नया नोट जारी करने जा रही है, जो सभी टूटे दिल वाले प्रेमियों के लिए होगा। इस नोट पर 2000 रुपए के नीचे बड़े-बड़े अक्षरों में नौ भाषाओं में छपा होगा कि सोनम गुप्ता बेवफा है। इसी बीच इंग्लैण्ड की महारानी द्वारा सोनम गुप्ता को इंटरनेशनल बेवफा घोषित किए जाने और पुरानी बॉलीवुड फिल्म सनम बेवफा की जगह सोनम बेवफा के रिलीज करने की भी बात की जा रही है। अमिताभ बच्चन पर फिल्माया गया गाना जिंदगी तो बेवफा है एक दिन ठुकराएगी, को लेकर लोगों ने ट्वीट किया है सोनम गुप्ता तो बेवफा है एक दिन ठुकराएगी। इसी बीच इस वाक्य में एक अद्र्धविराम जोड़कर लोगों ने लतीफे बना दिए। जैसे -
‘लड़का - तुम गुप्ता जी से प्यार करती हो?
सोनम - हां।
लड़का - सोनम, गुप्ता बेवफा है।’
19 Nov. 2016