
टि्वटर पर बॉलीवुड के कलाकारों में सर्वाधिक लोकप्रिय अमिताभ बच्चन हैं और उन्हें ट्विटर का शहंशाह माना जाता हैं। अमिताभ बच्चन अपने ब्लॉग पर भी बहुत लोकप्रिय हैं, लेकिन अगर सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म को जोड़कर देखा जाए, तो कहा जा सकता है कि सलमान खान ही सोशल मीडिया के सुल्तान हैं। हाल ही में एक प्रमुख डिजिटल टेक्नोलॉजी कंपनी ने डिजिटल सेलेब्रिटी इंडेक्स 2016 लांच किया, तो सलमान खान उसमें नंबर वन रहे। सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर संयुक्त रूप से सलमान के बाद कोई है तो वे हैं दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन।
टेक्नोलॉजी कंपनी के द्वारा डिजिटल एक्टिविटीज पर किया गया यह अपने तरह का अनूठा अध्ययन है। इस अध्ययन में सेलिब्रिटी के फेसबुक, टि्वटर, इंस्टाग्राम आदि के पेजेस, लाइक्स और फॉलोअर्स के साथ ही सेलेब्रिटी की गतिविधियों का भी आकलन किया जाता है। सितंबर 2016 तक के अध्ययन में पता चला है कि सलमान खान के प्रशंसकों की संख्या ऑनलाइन कम्युनिटी में सबसे ज्यादा है और वह करीब 5 करोड़ 20 लाख के आसपास है। उनके ठीक पीछे दीपिका पादुकोण हैं, जो 4 करोड़ 82 लाख फॉलोअर्स के साथ देश की पहली महिला सेलेब्रिटी भी कही जा सकती हैं। अमिताभ बच्चन तीसरे नंबर है और 4 करोड़ 65 लाख लोग उन्हें सोशल मीडिया पर पसंद करते हैं। इस तरह की डिजिटल सेलेब्रिटी इंडेक्स का आकलन यह जानना है कि कौन-सी सेलेब्रिटी वच्र्युअल दुनिया में सबसे ज्यादा सक्रिय है। अध्ययन करने वाली कंपनी ‘टु द न्यू’ के सीईओ दीपक मित्तल का कहना है कि इस तरह के सर्वे और अध्ययन सेलेब्रिटी की लोकप्रियता का पैमाना तो होते ही है, उनकी व्यावसायिक सफलता का भी पैमाना होते है।

अध्ययन में पता चला कि शाहरुख खान सोशल मीडिया की गतिविधियों में सबसे ज्यादा चर्चित सेलेब्रिटी रहे। यह चर्चा उनकी फिल्मों, व्यावसायिक गतिविधियों और खेल से जुड़ी अन्य गतिविधियों के कारण भी रही है। शाहरुख खान के बारे में करीब एक करोड़ लोगों ने अपने कमेंट शेयर किए। उनके बाद दीपिका पादुकोण, सोनाक्षी सिन्हा और प्रियंका चोपड़ा भी चर्चा में रहने वाली सेलेब्रिटी रही है। मार्च से सितंबर तक की अवधि में फेसबुक पर सबसे सक्रिय रहने वाली सेलेब्रिटी सनी लियोन रही है। जिन्होंने इस दौरान अपनी 560 पोस्ट शेयर की। अक्षय कुमार उन लोगों में से है, जिनके फॉलोअर्स की संख्या में सबसे तेजी से वृद्धि हो रही है। यह वृद्धि 20.77 प्रतिशत की दर्ज की गई है। रणवीर सिंह भी सोशल मीडिया पर तेजी से अपना प्रभाव बढ़ाते जा रहे है, लेकिन वे सलमान खान से बहुत पीछे है। अपने प्रशंसकों की संख्या बढ़ाने में श्रद्धा कपूर को भी महत्वपूर्ण कामयाबी मिली। एक साल में ही उनके करीब एक तिहाई प्रशंसक या फॉलोअर्स बढ़े।
जब भी सोशल मीडिया का उपयोग अपने ब्रांड के प्रमोशन के लिए करना होता है, तब उस मंच पर अमिताभ बच्चन सबसे आगे नजर आते है। अमिताभ के बाद सोशल मीडिया का व्यावसायिक उपयोग करने में सोनम कपूर बहुत आगे है। अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर अपने पांच ब्रांड का प्रमोशन करते नजर आते है और सोनम कपूर भी इतने ही ब्रांड प्रचारित करती हैं। तीसरे नंबर पर शाहरुख खान आते है, जो जियो और फ्रूटी का विज्ञापन कर रहे है।
ऐसा नहीं है कि सभी सेलेब्रिटी सोशल मीडिया पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे है। कई लोग ऐसे भी है, जो बॉलीवुड में रहते हुए भी सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखना पसंद करते है। इनमें ऐश्वर्या रॉय बच्चन, काजोल, कैटरीना कैफ, रणबीर कपूर, रानी मुखर्जी, कंगना रनौट, करीना कपूर खान, सैफ अली खान जैसे कलाकार भी हैं। इन सभी की दुकानदारी इन दिनों मंदी चल रही है। शायद इनकी फिल्मों के हिट न होेने का एक कारण सोशल मीडिया पर उनकी निष्क्रियता भी है।
नए कलाकारों में आलिया भट्ट बहुत तेजी से सोशल मीडिया पर अपनी उपस्थिति बना रही है और इसके साथ ही उसका उपयोग अपनी ब्रांड वैल्यू बढ़ाने में भी कर रही हैं। ऐसा माना जाता है कि ऐश्वर्या रॉय बच्चन अपने बारे में कोई भी संदेश प्रचारित-प्रसारित करने के लिए अपने पति अभिषेक बच्चन के सोशल मीडिया का उपयोग करती हैं। हाल ही में टि्वटर पर अभिषेक बच्चन के फॉलोअर्स की संख्या 1 करोड़ से ऊपर पहुंची है। करीना और सैफ अली खान सोशल मीडिया में दिलचस्पी तो रखते है, लेकिन अपनी गतिविधियां शेयर नहीं करते, जबकि सैफ अली खान की बहन सोहा अली खान ट्विटर और इंस्टाग्राम पर बहुत ज्यादा सक्रिय हैं।
26 Nov 2016