Bookmark and Share

PM-1

भारतीय जनता पार्टी प्रचार का कोई भी मौका अब भी नहीं छोड़ना चाहती। शनिवार 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को भी भाजपा ने अच्छी तरह भुनाया। जन्मदिन पर प्रचार का माइलेज पाने के लिए भाजपा ने बहुस्तरीय कार्य किए। सरकारी स्तर पर जो हो सकता था, वह तो हुआ ही, पार्टी के स्तर पर भी कोई कमी नहीं छोड़ी गई। भाजपा के तमाम पदाधिकारियों और सहयोगी संगठनों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के बहाने 2019 की तैयारी में कोई कसर नहीं रहने दी गई। बचा-खुचा काम सोशल मीडिया पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया।

PM-2

सरकारी स्तर पर तो मोदी के जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंग वितरण के कार्यक्रम हुए। राष्ट्रपति की बधाई को हर स्तर पर प्रचारित किया गया। संगठन के स्तर पर जगह-जगह रक्तदान शिविर और दूसरे सेवा कार्य किए गए। भाजपा की प्रचार इकाई ने इस बहाने सरकार की सभी उपलब्धियों को प्रचारित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सरकार की हर योजना प्रचारित की जा रही थी। प्रदेश, संभाग, जिला, ब्लाक और यहां तक कि ग्रामीण इकाइयों तक सेवा दिवस की गतिविधियों को प्रचारित किया गया। यहां तक कि राहुल गांधी द्वारा ट्विटर पर दी गई बधाई को भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने रि-ट्वीट किया। कहीं पर मोदी दिवस के उपलक्ष्य में चिड़िया घरों में बच्चों को मुफ्त प्रवेश दिया गया, तो कहीं स्थानीय बस सेवा में बिना टिकिट यात्रा की छूट दी गई। कुल मिलाकर छवि यह बनाई गई कि मोदी भारत के महानतम प्रधानमंत्रियों में से है और वे भारत के प्रधानमंत्री है, यह इस देश पर बड़ा उपकार है।

modi-tweet

वैसे तो शुक्रवार की रात को 12 बजे ही प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया था, लेकिन ट्विटर पर मोदी समर्थक काफी पहले से सक्रिय थे। वे ट्विटर पर काउंट डाउन किए जा रहे थे कि प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन शुरू होने में यानि रात को 12 बजने में कितनी देर बाकी है। लगातार ट्वीट हो रहे थे कि अब चार घंटे बाकी है, अब तीन घंटे बाकी है आदि। रात के 12 बजते ही हजारों की संख्या में ट्विटर पर संदेशों का ढेर लग गया। कोई प्रधानंत्री के पुराने फोटो शेयर कर रहा था, तो कोई उनकी योजनाओं की के बारे में वाह-वाही कर रहा था। कहीं प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं का जिक्र था, तो कहीं उनके अनमोल वचनों को दोहराया जा रहा था। कहीं उनके रेखा चित्र शेयर किए जा रहे थे, तो कहीं पुराने वीडियो वापस लौट रहे थे।

अपने जन्मदिन पर प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी मां का आशीर्वाद लिया। उस तस्वीर को किसी महान राष्ट्रीय घटनाक्रम की तरह प्रचारित-प्रसारित किया गया। प्रधानमंत्री को जन्मदिन वाली मां की भी जय-जयकार की गई, जिन्होंने मोदी जैसे ‘रत्न’ को पैदा किया। प्रधानमंत्री ने भी बेहद गरिमामय तरीके से अपनी जन्मदिन की गतिविधियों को शेयर किया। राष्ट्रपति की बधाई को उन्होंने बेहद विनम्रता से स्वीकार किया और उनका आभार माना।

PM-3

नरेन्द्र मोदी एप पर भी लोगों को सुविधा दी गई थी कि वे सीधे उन्हें अपना बधाई संदेश दे सकते है। हाल यह था कि बेहद ज्यादा ट्रैफिक के कारण सुबह कई घंटों तक यह एप जाम रहा। लोगों ने अपने बधाई संदेश में प्रधानमंत्री को महान भविष्य दृष्टा, विकास पुरूष, भारत की एकमात्र आशा, मैन ऑफ एक्शन, जनता के लिए प्रतिबद्ध नेता, किसानों के एकमात्र उद्धारक आदि-आदि कहा। आप सुपर पीएम, ग्रेटेस्ट सीएम, ब्रिलिएंट वक्ता, मास्टर पॉलिटिशियन और इस सबसे ऊपर महान राष्ट्रवादी हैं। 65 साल के होने पर भी आप बिना छुट्टी के 16 से 18 घंटे तक रोज कार्य कर रहे है, ताकि यह देश तरक्की कर सके। आप भारत के अब तक के सबसे ज्यादा मेहनतकश प्रधानमंत्री है। जिन्होंने भारत को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। भारत को बार-बार लगातार आप जैसा प्रधानमंत्री ही मिले।

PM-4

यह भी संदेश दिया गया कि आदरणीय प्रधानमंत्री भी आपने भारत की सभ्यता को नए मोड़ पर ले जाकर खड़ा कर दिया है और भारत की प्राचीन गरिमा वापस लौटा दी है। आप सदैव अमर रहे। इतने पर भी कुछ लोग नहीं माने और उन्होंने यहां तक लिखा कि हम बेहद सौभाग्यशाली हैं कि आप जैसे महान नेता को इतिहास रचते हुए देख पा रहे है। आप बेहद परिश्रमी, प्रतिबद्ध और राष्ट्र को समर्पित नेता है। आप के नेतृत्व में भारत एक महाशक्ति बन गया है। आपके शक्तिशाली कंधों पर देश का भविष्य टिका हुआ है। आप आलोचना की परवाह किए बिना, अनथक होकर दिन-रात देश का कार्य कर रहे है, यह विरला क्षण है। इसके बावजूद विपक्ष आप पर लगातार आरोप-प्रत्यारोप कर रहा है, लेकिन आप उससे डिगे नहीं।

ट्विटर पर हैप्पी बर्थ-डे पीएम मोदी हैशटैग पर जाते ही बर्थ-डे पार्टी की तरह नीचे से वच्र्युअल गुब्बारे ऊपर उड़ते हुए नजर आ रहे थे। इसके साथ ही लगभग सभी प्रमुख वीवीआईपी के प्रति प्रधानमंत्री का धन्यवाद संदेश भी था। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, लोकसभा स्पीकर, अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष, केन्द्रीय मंत्रीमंडल के राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, उमा भारती, सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी, जनरल वी.के. सिंह आदि के बधाई ट्वीट को रि-ट्वीट किया गया था। साथ ही विनम्रतापूर्वक धन्यवाद ज्ञापित भी था। राहुल गांधी के बधाई संदेश पर भी प्रधानमंत्री ने उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

webdunia-19-9

नरेन्द्र मोदी एप का प्रचार करने के लिए भी इस मौके को भुनाया गया। सोशल मीडिया पर प्रचारित किया गया कि अगर आपको नरेन्द्र मोदी एप डाउनलोड करने में कोई दिक्कत आ रही है, तो 1800 20 90920 पर मिस कॉल दें। बधाई देने वालों के सामान्य संदेशों के अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी उपलब्धियों को इस मौके पर गिनाया। प्रधानमंत्री के जन्मदिन का मौका कोई भी भाजपा कार्यकर्ता छोड़ना नहीं चाहता था। कुछ इस कदर की अफवाहें भी रही कि जो भी प्रधानमंत्री को अपना संदेश देगा, प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से धन्यवाद का जवाबी संदेश भी आएगा।

Search

मेरा ब्लॉग

blogerright

मेरी किताबें

  Cover

 buy-now-button-2

buy-now-button-1

 

मेरी पुरानी वेबसाईट

मेरा पता

Prakash Hindustani

FH-159, Scheme No. 54

Vijay Nagar, Indore 452 010 (M.P.) India

Mobile : + 91 9893051400

E:mail : prakashhindustani@gmail.com