
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की एक छोटी सी चूक भारी पड़ गई। उसके लिए ट्रम्प न केवल हंसी के पात्र बने, बल्कि उन्हें अपना ट्वीट भी डिलीट करना पड़ा। ब्रिटिश सांसदों ने उनका मजाक अलग से उड़ाया। ट्वीट डिलीट किए जाने के बाद भी ट्विटर पर ट्रम्प का मजाक उड़ता रहा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ट्विटर पर खासे सक्रिय है। उन्होंने ट्विटर को अपना सरकारी प्रवक्ता ही बना दिया है। प्रेस कांफ्रेंस के बजाय वे ट्वीट करना पसंद करते है। कुछ दिनों पहले उन्होंने यहां तक कहा था कि मैं ट्विटर के कारण ही अमेरिका का राष्ट्रपति बन पाया। अपनी हर गतिविधि ट्विटर पर पोस्ट करने वाले ट्रम्प अमेरिकी प्रेस के खिलाफ जमकर टिप्पणियां करते है। फेक न्यूज के नाम पर ट्रम्प ने अपना मजाक उड़ाने वालों के खिलाफ बोलने में भी कभी कोई कमी नहीं छोड़ी।
हुआ ये कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री थेरेसा मे के नाम से मिलती-जुलती एक महिला ने ट्विटर पर ट्रम्प का मजाक उड़ाया, इस पर ट्रम्प बिदक गए और उन्होंने जवाब में ट्वीट किए। ब्रिटिश प्रधानमंत्री थेरेसा मे के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट में नाम और उपनाम के नीचे अंडरस्कोर है और परिचय में प्राइम मिनिस्टर एंड कंजरवेटिव पार्टी की नेता लिखा हुआ है। इसी के साथ थेरेसा मे के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर ब्लू निशान के ऊपर राइट का निशान भी है। इन सब बातों की ओर ध्यान देने की जेहमत ट्रम्प साहब ने नहीं उठाई।

हुआ यह था एक लगभग अज्ञात महिला थेरेसा मे स्क्राइवनेर ने अपना ट्विटर अकाउंट खोल रखा है, जिसमें उनके फॉलोअर्स की संख्या केवल 6 है, क्योंकि उन्होंने अपना अकाउंट प्रोटेक्टेट कर रखा है, इसका मतलब यह है कि जब तक वे नहीं चाहे, कोई और व्यक्ति उन्हें ट्विटर पर फॉलो नहीं कर सकता। थेरेसा ने पिछले दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति के क्रियाकलापों पर एक ट्वीट किया, जो ट्रम्प साहब को नागवार गुजरा। उस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने तत्काल ट्वीट किया, जिसमें सलाह दी गई थी कि थेरेसा अपने देश की तरफ ध्यान दें और अमेरिकी की तरफ टिप्पणियां करना बंद करें। ट्रम्प ने थेरेसा को लिखा कि रेडिकल इस्लामिक आतंकवादियों की तरफ ध्यान देने की जरूरत नहीं है, हम अमेरिकी मजे में है।
ट्रम्प के ट्वीट के बाद अमेरिकी फॉलोअर्स ने ट्रम्प को आगाह किया कि वे जिस महिला के ट्वीट पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं, वे महिला ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा नहीं, कोई और महिला हैं। ट्रम्प इसके पहले ३ वीडियो भी रि-ट्वीट कर चुके थे। ट्रम्प को जैसे ही अपनी गलती का एहसास हुआ, उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया, लेकिन इतनी देर में भी 14 मिनिट बीत चुके थे और लाखों लोग ट्रम्प के ट्वीट को पढ़ चुके थे।

ट्रम्प के जवाब के बाद थेरेसा मे स्क्राइवनेर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और व्हाइट हाउस सहित अमेरिकी नागरिकों से माफी मांग ली। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री से मिलते-जुलते नाम के कारण वे भी फेमस होने की तमन्ना रखती थी। ट्विटर पर उन्होंने अपना अकाउंट प्रोटेक्टेट इसीलिए रखा था कि लोग उन्हें फॉलो करने की कोशिश करें। वे इसके पहले एक्स फेक्टर कार्यक्रम में भी शामिल होने की कोशिश कर चुकी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने उस महिला के माफी नामे तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन ब्रिटेन के कुछ सांसदों ने ट्रम्प से अपील की है कि वे अपना ट्विटर अकाउंट ही डिलीट कर दें, क्योंकि उनके ट्वीट से कई बार कूटनीतिक विवाद हो चुके है। अगर ट्रम्प खुद ये न करें, ट्विटर कंपनी को चाहिए कि वह ट्रम्प का अकाउंट बंद कर दें। ट्विटर ने कहा है कि वे कभी भी राष्ट्रपति ट्रम्प का अकाउंट बंद नहीं करेगा। अगर ट्रम्प के ट्वीट नियमों को तोड़ेंगे, तो भी ट्विटर उन्हें जारी रखेगा, क्योंकि राष्ट्रपति के ट्वीट समाचारों की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण होते है।