
सोशल मीडिया पर दुनिया के सबसे लोकप्रिय वीडियो ब्लॉग (व्लॉग) बनाने वाले लोगान पॉल फिर विवादों में हैं। टीवी शो लॉ एंड ऑर्डर और स्टीचर्स में भूमिका करने वाले योगान पॉल अपने आप में एक बड़े ब्रांड बन चुके हैं। हाल ही में उन्होंने कुछ इंटरनेट चैनलों से जो डील की है, वह विवादों में है। यू-ट्यूब पर उनका अपना ऑफिशियल चैनल है - योगान पॉल व्लॉग्स, जिसके करीब 45 लाख सब्सक्राइबर है।

अपने खुद के इंटरनेट चैनल और व्लॉग से योगान पॉल अच्छी खासी कमाई करते हैं। दोनों से मिलकर उन्हें करीब डेढ़ करोड़ डॉलर साल की कमाई होती है। वे वीडियो ब्लॉगिंग करने वाले सबसे अमीर अभिनेता माने जाते हैं। उनके अक्सर अपने पड़ोसियों से झगड़े होते रहते है। डिजनी चैनल वाले भी उनके कार्यक्रमों पर नोटिस भेजते रहते है। दो महीने पहले उनका एक वीडियो ‘सो काल्ड सुसाइड फॉरेस्ट’ विवादों में आ गया था। इस वीडियो में योगान पॉल और उनके दोस्त रात में जंगल में रुकते हैं और वहां के दिलचस्प वीडियो बनाकर शेयर करते हैं। जिस वीडियो पोस्ट के कारण पॉल विवाद में आए, उसका कारण यह है कि करीब दो लाख लोगों ने एक ऑनलाइन याचिका यू-ट्यूब को भेजी, जिसमें आरोप लगाया कि योगान पॉल के वीडियो आपत्तिजनक है। इसके बाद यू-ट्यूब ने योगान पॉल पर रोक लगा दी।

योगान पॉल को इसके लिए माफी मांगनी पड़ी, उन्होंने लिखकर यू-ट्यूब को दिया कि यह गलती से हुआ, वे कभी किसी का मजाक नहीं उड़ाते, लेकिन यू-ट्यूब ने उनका माफीनामा ठंडे बस्ते में डाल दिया। करीब एक महीने बाद पुर्नविचार हुआ और यू-ट्यूब पर योगान पॉल की वापसी हो गई।
योगान पॉल यू-ट्यूब के अलावा दूसरी वीडियो वेबसाइट पर भी अपने वीडियो शेयर करने लगे। पिछले महीने से उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा और फिल्मों और टेलीविजन में काम करने लगे। अब वे हॉलीवुड की फिल्मों में भी अपनी किस्मत आजमाना चाहते है, उन्हें काम भी मिल रहा है।

1 अप्रैल 1995 को जन्मे योगान पॉल ने 10 साल की उम्र से ही वीडियो फिल्में बनाना शुरू कर दिया था। हाई स्कूल करने के बाद उन्होंने कॉलेज में एडमिशन लिया और बाद में नाम वापस ले लिया। इसका कारण यह है कि जब उन्होंने कॉलेज में प्रवेश किया था, तब तक उनकी लोकप्रियता चरम पर पहुंच गई थी। फरवरी 2014 में यानि चार साल पहले यू-ट्यूब पर उनके 31 लाख फॉलोअर थे। ट्विटर पर एक लाख से अधिक और इंस्टाग्राम पर करीब 3 लाख 61 हजार फॉलोअर थे। अब इन दिनों वे जो वीडियो फेसबुक पर पोस्ट करते है, उसे लाखों लाइक्स तक मिले है। वाइन नामक चैनल पर उनका केवल 6 सेकंड का एक विज्ञापन वीडियो इतना लोकप्रिय हुआ कि उससे होने वाली आय ही लाखों डॉलर में थी। इस अकेले वीडियो को देखने वालों की संख्या 30 करोड़ पार गई।

12 सितंबर 2016 से योगान पॉल हर रोज कम से कम एक वीडियो शेयर करते आ रहे हैं। विश्व स्तर की अनेक कंपनियां अपने विज्ञापनों के लिए उनसे संपर्क कर रही है, जिनमें पेप्सी, एचबीओ और हेन्ज शामिल है। हाल ही में उनका एक म्युजिक वीडियो भी सामने आया है, जिसे बहुत लोगों ने पसंद किया, लेकिन इसी के साथ उस पर फूहड़ होने का आरोप भी लगा। उन पर अभद्र और असंवेदनशील होने के आरोप भी लगते रहे है। कई बार उन्हें अपने वीडियो हटाने भी पड़े है। योगान पॉल कैलिफोर्निया में रहते है, जहां हॉलीवुड के कई जाने-माने सितारे भी रहते हैं। हाल ही में उन्होंने 48 लाख डॉलर (करीब 30 करोड़ रूपए) का एक शानदार महलनूमा मकान भी खरीदा है। वे अपने नाम के कपड़ों का ब्रांड भी बाजार में ला रहे है। योगान पॉल की कुल संपत्ति 1 करोड़ 10 लाख डॉलर के करीब है और यह सारी संपत्ति उनकी खुद की कमाई हुई है। फोर्ब्स पत्रिका में छपे लेख के अनुसार वे अपनी फेसबुक पोस्ट से डेढ़ लाख डॉलर तक कमा लेते हैं।
