
4 जुलाई को जब पूरे यूएसए में स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया जा रहा था, लोग जमकर आतिशबाजी कर रहे थे और समुद्र तटों पर मौज-मस्ती में मशगुल थे, तब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के पुत्र डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर किया। इस फोटो में डोनाल्ड ट्रम्प को किसी महान क्रांतिकारी विजेता सेनापति की तरह दिखाया गया।
अब यह बात तो सभी जानते है कि डोनाल्ड ट्रम्प क्या है? कैसी शख्सियत है उनकी? पर उनके बेटे द्वारा शेयर किए गए इस फोटो से यह बात भी समझना आसान है कि उनके बेटे भी किस तरह के व्यक्ति है और उनकी पसंद क्या है?

इस फोटो में ट्रम्प के एक हाथ में शिकारी बाज उड़ान भरने को आतुर है, तो उनके पीछे अमेरिका का ध्वज लहरा रहा है और साथ में है एक विशालकाय स्वचलित बंदुक। तस्वीर की पृष्ठभूमि से लगता है, मानो वह किसी आग उगलती युद्धभूमि की तस्वीर हो। डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा है - ‘दिस इज अमेजिंग’।

इसके अलावा डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर ने शनिवार को एक और जीफ फाइल सोशल मीडिया पर पोस्ट की, जिसमें डोनाल्ड ट्रम्प एक टैंक पर खड़े हुए है। जिस पर ट्रम्प लिखा हुआ है और पृष्ठभूमि में युद्धभूमि और अमेरिकी तिंरगा नजर आता है। इसके साथ ही जूनियर डोनाल्ड ट्रम्प ने लिखा कि यह असली डोनाल्ड ट्रम्प के लाइव फुटेज का हिस्सा है।
आमतौर पर राष्ट्र प्रमुखों के परिवार के लोग इस तरह की फोटो शेयर नहीं करते। यह काम भक्त लोग करते है। पूरी दुनिया में इस तरह के भक्त है, लेकिन यहां यह भक्ति अमेरिकी राष्ट्रपति का बेटा प्रदर्शित कर रहा है। अमेरिकी मीडिया में चर्चा है कि ट्रम्प जूनियर अपने बापू को प्रभावित करने के लिए इस तरह के प्रयोग सोशल मीडिया पर करते रहते है। जूनियर ट्रम्प के इन सोशल मीडिया पोस्ट के बाद लोगों ने पिता-पुत्र का जमकर मजाक उड़ाया। तरह-तरह के लतीफे बनाए गए और पोस्ट किए गए। साथ ही मजेदार मेमे भी पोस्ट किए गए।

यूएसए में आमतौर पर स्वतंत्रता दिवस वाले सप्ताह लोग जमकर छुट्टियां मनाते हैं और हफ्तेभर तक जश्न ही चलता रहता है। इस सप्ताह पूरा जश्न डोनाल्ड ट्रम्प का मजाक बनाते हुए बीता।