You are here: #My Hashtag


किआरी पोप
दुनियाभर में सुसाइड गेम के तौर पर चर्चा में आए ब्लू व्हेल गेम का भूत अभी उतरा भी नहीं है कि हॉट वॉटर चैलेंज नाम का एक नया यू-ट्यूब ट्रेंड बच्चों के लिए चुनौती बन गया। इसके तहत बच्चे एक-दूसरे को हॉट वॉटर चैलेंज दे रहे है और अपना नुकसान खुद कर रहे है। पाम बीच पोस्ट के अनुसार आठ साल की बच्ची किआरी पोप को उसके चचेरे भाई ने चुनौती दी कि क्या उसमें उबलते हुए पानी को स्ट्रा से पीने की हिम्मत है? किआरी ने चुनौती स्वीकार कर ली और गर्म कप में रखे उबलते हुए पानी को स्ट्रा से पी डाला। इससे किआरी का गला और जुबान बुरी तरह जल गई और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट के अनुसार हॉट वॉटर चैलेंज में कई बच्चे घायल हो चुके है।

पिछले दिनों बराक ओबामा के एक ट्वीट को 30 लाख लोगों ने लाइक किया। यह ट्विटर के इतिहास में सबसे लोकप्रिय ट्वीट कहा जा सकता है। अभी तक किसी भी नेता के ट्वीट को इतने ज्यादा लाइक्स नहीं मिले है। यह ट्वीट बराक ओबामा ने जातीय संघर्ष में हुए एक हमले के बाद किया था। इस ट्वीट में ओबामा ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति अश्वेत नेता नेलसन मंडेला के एक उद्धरण का उल्लेख करते हुए अपने विचार रखे थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोशल मीडिया के महारथी यूं ही नहीं हैं। सोशल मीडिया में छाए रहने के सारे गुण उन्हें मालूम है। हर सोशल मीडिया प्लेटफार्म का इस्तेमाल वे अपने तरीके से करते है, चाहे फेसबुक हो चाहे ट्विटर। ब्लॉग हो या इंस्टाग्राम। उन्होंने चीन के सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स का अध्ययन भी कर डाला। सभी को पता है कि चीन में गूगल, फेसबुक, ट्विटर आदि नहीं चलते। चीन के अपने प्लेटफार्म है। उन्होंने चीन के सोशल मीडिया प्लेटफार्म वीबो को ज्वाइन कर लिया था और अपना पहला संदेश भी चीनी भाषा में दे दिया था। चीन के राष्ट्रपति के जन्मदिन पर उन्होंने वीबो पर चीनी भाषा में जो सन्देश दिया था, उसी से चीन के करोड़ों लोगों को पता चला कि उनके राष्ट्रपति का जन्मदिन उस दिन है। पिछले दिनों उन्होंने चीन के राष्ट्रीय दिवस पर भी सन्देश दिया था। चीन के खिलाफ आक्रामक रवैया रखने वाले भारतीय प्रधानमंत्री ने चीन के सोशल मीडिया प्लेटफार्म का इस्तेमाल करने में कभी कोई कोताही नहीं बरती। अब ब्रिक्स सम्मलेन में चीन यात्रा के पहले उन्होंने फिर चीनी में सन्देश दिया, जिसके जवाब में कई देशों के राष्ट्रप्रमुखों ने उन्हें बधाई दी है।

शून्य को लोकप्रिय होने में या उसका महत्व जानने में दुनिया को कई सौ साल लगे होंगे, लेकिन ट्विटर पर हैशटैग को दस साल में ही अपार लोकप्रियता मिल गई। कहा जाता है कि शून्य के बाद हुई सबसे महत्वपूर्ण खोजों में हैशटैग भी एक है। शिफ्ट+3 का यह बटन एक प्रतीक चिह्न बन गया है, जो इंटरनेट रिले चैट से दुनिया को जोड़ता है। आईआरसी या इंटरनेट रिले चैट की शुरूआत 1988 में हुई। दिलचस्प बात यह है कि पहले हैशटैग का उपयोग यह बताने के लिए क्या जाता था कि इसके आगे की जानकारी बहुत महत्वपूर्ण नहीं है।

नरेन्द्र मोदी ट्विटर पर हमेशा बेहद शालीन, संयत और मधुर भाषा का इस्तेमाल करते हैं। ट्विटर पर उनका रवैया उदारवादी राजनेता का रहता है। उनके विचार संसद के बजाय ट्विटर पर ज्यादा तेज गति से आते है। ट्विटर के सुपरस्टार जो ठहरे! ट्विटर पर प्रधानमंत्री बड़प्पन दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ते। किसी की पीथ थपथपाना हो, तब भी ट्विटर का उपयोग करते हैं। अपने राजनीतिक विरोधी राहुल गांधी के जन्मदिन पर भी वे उन्हें बधाई देने से पीछे नहीं हटते। एक भाषण में उन्होंने सोशल मीडिया के सहयोगियों से संयत भाषा इस्तेमाल करने की बात कही थी। आम लोगों से अपनी अपील में भी वे बार-बार कहते रहे हैं कि भाषा की गरिमा को कम न होने दिया जाए।